नमस्ते, मैं ऋतिका मल्होत्रा, और यह है मेरा फ़ोन, मेरा डेटा। आज का एपिसोड थोड़ा भारी है, क्योंकि इसमें 48,000 रुपये गए हैं, और वे किसी लापरवाह इंसान के नहीं, बल्कि दिल्ली के एक समझदार दुकानदार के थे। संजय जी को एक कॉल आई। सामने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया, उनका पूरा नाम लिया, खाते की आखिरी चार संख्याएं सही बताईं, और केवाईसी अपडेट के नाम पर ओटीपी मांग लिया। संजय जी ने बता दिया। आज हम उस कॉल को साथ में दोबारा सुनेंगे और हर मोड़ पर रुककर देखेंगे कि धोखेबाज़ ने क्या चाल चली और कहां उसे रोका जा सकता था। फिर बात करेंगे पहले 10 मिनट की, 1930 हेल्पलाइन की, और यूपीआई ऐप की सेटिंग्स की। आप सुन रहे हैं Witspeak Podcasts पर। शुरू करते हैं।